नाबालिग को पहले प्रेमजाल में फंसाया फिर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, 3 पर केस दर्ज
देहरादून।
उत्तराखंड के डोईवाला क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित तौर पर पहले तो प्रेमजाल में फंसाया और फिर धर्म परिवर्तन के लिए उस पर दबाव बनाया गया।
पीड़िता की मां की शिकायत पर उत्तराखंड पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला देहरादून जिले के डोईवाला थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग लड़की अपनी मां और भाई के साथ किराए के मकान में रहती है।
पड़ोस में रहने वाले परिवार से पहले दोनों के बीच अच्छे संबंध थे और घर आना-जाना भी था। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी युवक ने नाबालिग को अपने प्रभाव में लेना शुरू किया।
शिकायत के अनुसार, मां की गैरमौजूदगी में आरोपी युवक घर आता था और नाबालिग से मिलता था।
इस दौरान वह उसे अपने प्रेमजाल में फंसाने के साथ-साथ एक विशेष धर्म से जुड़े तौर-तरीके अपनाने के लिए प्रेरित करता था । धीरे-धीरे किशोरी पर इसका असर पड़ने लगा और वह आरोपी की बातों को मानने लगी। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राणा के अनुसार, 21 मार्च की शाम शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक भावना को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डोईवाला का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन फिलहाल प्रशासन इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से ले रहा है।