भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल कैम्प 34 वीं वाहिनी हल्दूचौड़ में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाय
हल्दूचौड़( नैनीताल)
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल कैम्प 34 वीं वाहिनी
हल्दूचौड़ में देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी के सेनानी राजेश कुमार जोशी ने राष्ट्रध्वज फहराकर भव्य परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों अधीनस्थ अधिकारियों, हिम वीरों एवं हिम वीरांगनाओं ने राष्ट्र ध्वज को सलामी दी तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा पूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सेनानी राजेश कुमार जोशी ने वाहिनी के समस्त पदाधिकारियों, हिम वीरों एवं उनके परिवारजनों को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष के बाद प्राप्त हुई है। देश की सुरक्षा, सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में फतेह सिंह,उप सेनानी (जीडी), संजय तिवारी, उप सेनानी (जीडी), शिवराज सिंह, उप सेनानी (जीडी), डॉ. चंद्रशेखर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, दीपू सिंह, सहायक सेनानी (अभियंता) एवं सूबेदार मेजर रश्मि रंजन सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, हिम वीर एवं हिम वीरांगनाएं उपस्थित रहे।भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल कैम्प 34 वीं वाहिनी के सेनानी राजेश कुमार जोशी ने राष्ट्रध्वज फहराकर भव्य परेड की सलामी ली।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में राष्ट्र भक्ति,उल्लास एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं देश की प्रगति में अपना योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।