अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है जागेश्वर धाम, पार्किंग के बावजूद मंदिर तक घुस रही गाड़ियां, सड़क मार्ग पर अतिक्रमण

अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है जागेश्वर धाम, पार्किंग के बावजूद मंदिर तक घुस रही गाड़ियां, सड़क मार्ग पर अतिक्रमण

जागेश्वर धाम (अल्मोड़ा)।

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जागेश्वर धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और अनियंत्रित वाहनों के दबाव ने स्थानीय लोगों और यात्रियों, दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मंदिर क्षेत्र के बाहर आरतोला में यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि तीर्थयात्री वहीं वाहन खड़ा कर पैदल मंदिर तक पहुंच सकें। लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए कई लोग अपने वाहनों को सीधे मंदिर परिसर तक ले जा रहे हैं। इससे मंदिर मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है और श्रद्धालुओं का अमूल्य समय व श्रम भी बर्बाद हो रहा है ।

यही नहीं, मंदिर मार्ग के किनारे सामान बेचने वाले दुकानदारों ने भी सड़क के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण कर लिया है। कई जगहों पर दुकानें और अस्थायी कब्जे आधी सड़क तक फैल गए हैं, जिससे पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए रास्ता बेहद संकरा हो गया है। भीड़भाड़ के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन पार्किंग व्यवस्था का सख्ती से पालन करवाए और सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाए, तो यात्रियों को काफी राहत मिल सकती है। वर्तमान स्थिति में श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार, भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है ।

धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले जागेश्वर धाम में व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है, ताकि देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन के अवसर मिल सकें।

सम्बंधित खबरें