आबकारी टीम का सघन चेकिंग अभियान जारी, अलग- अलग क्षेत्रों में दी दबिश, दौलतपुर में 25 लीटर कच्ची शराब बरामद
हल्द्वानी ।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार, होली पर्व के दृष्टिगत आबकारी टीम हल्द्वानी का सघन चैकिंग अभियान गुरुवार को भी जारी रहा । अलग – अलग क्षेत्रों में दबिश के दौरान आबकारी टीम ने 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की ।
आबकारी टीम द्वारा गुरुवार को जनपद नैनीताल अंतर्गत विभिन्न स्थानों दौलतपुर, चोरगलिया एवं हल्दूचौड़ तथा हल्द्वानी के तिकोनिया, सुभासनगर और रामपुर रोड क्षेत्रों में अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन दबिश/चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान दौलतपुर में अभियुक्त पूरन सिंह पुत्र प्रताप सिंह के कब्जे से लगभग 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा -60 में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
टीम में सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह,उप आबकारी निरीक्षक कैलाश जोशी, आबकारी सिपाही राहुल, शीतल, गीता, भास्कर और खुशाल मौजूद रहे।