इस्कॉन के सन्त श्रील नवयोगेंद्र महाराज के गौधाम आश्रम पधारने पर सैकड़ों भक्तों ने किया भव्य स्वागत
हल्दूचौड़ ( नैनीताल ) ।
इस्कॉन के महान सन्त श्रील नव योगेंद्र महाराज के हल्दूचौड़ – परमा गांव स्थित गौधाम आश्रम पधारने पर क्षेत्रभर की जनता और उनके सैकड़ों भक्तों द्वारा महाराज जी का भव्य स्वागत किया गया ।
बड़ी संख्या में महिलाओं ने कुमाऊनी परिधान में सज-धजकर महाराज जी पर पुष्प वर्षा की और उनकी आरती उतारी, वही भक्तों द्वारा शंख ध्वनि के साथ महाराज जी का स्वागत किया गया ।
इस दौरान ” हरे कृष्णा हरे कृष्णा कृष्णा कृष्णा हरे हरे, हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे ” महामंत्र बोलते हुए सैकड़ों लोगों द्वारा महाराज जी के प्रति श्रद्धा अर्पित की गई । आश्रम परिसर के चारों तरह का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया ।

आश्रम में पहुंचकर महाराज जी ने क्षेत्र की जनता का धन्यवाद करते हुए भगवान कृष्ण और भगवान शंकर के द्वारा बताई गई बातों का बड़ा ही मोहक, मार्मिक, ज्ञानवर्द्धक एवं मंगलकारी वर्णन किया । उन्होंने कहा कि इस कलिकाल में भगवान श्री कृष्ण ही आपकी नैया को पार लगा सकते हैं।

श्रील नवयोगेन्द्र महाराज ने कहा सुबह शाम व रात दिन उनके मंत्र का जाप करना ही परम आनन्द और मुक्ति का कारण है। इस संसार में श्री कृष्ण से ऊपर कोई नहीं है । उन्होंने कहा यह संसार माया- मोह से घिरा हुआ है, यहां धन-दौलत, भाई- बहन ,पिता पुत्र, रिश्ते नातेदार, हमारे श्मशान घाट तक साथ देंगे, उसके बाद बैकुंठ जाने के लिए भगवान का ही सहारा चाहिए।

इसीलिए संसार में आए हो तो, भगवान का सुमिरन करते हुए सत्कर्म करें, तभी इस संसार से मुक्ति मिलेगी और बैकुंठ धाम को प्रस्थान करोगे ।यह संसार क्षण मात्र भोग विलास के अलावा और कुछ नहीं है ।
श्री महाराज ने कहा भागवत भजन से ही हमारा कल्याण होगा, सबको सत मार्ग पर चलना चाहिए । अंत में उन्होंने सभी भक्त समुदाय के कल्याण के लिए भगवान से प्रार्थना करते हुए सबको अपना आशीर्वाद दिया।