अष्टा दश भुजा महालक्ष्मी मंदिर बेरी पड़ाव के पास दर्दनाक हादसा – युवक की मौत, युवती घायल
हल्दूचौड़( नैनीताल)।
राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर तेज रफ्तार का कहर आज फिर देखने को मिला। बेरी पड़ाव स्थित अष्टा दश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास ही शनिवार की सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्णा नन्द कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव की 25 वर्षीय युवती नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और साथ बैठ गई। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत बताई जा रही है।

स्थानीय प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि जैसे ही दोनों गांव की सड़क से बाहर आकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (यूके 01- सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो कर रपट गई और डंपर के नीचे जा घुसी।

सूचना मिलते ही हल्दूचौड चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल पुलिस वल के साथ ही तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि गम्भीर रूप से घायल युवती को बेहोशी की हालत पड़ी हुई थी।

बताया जा रहा है हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आने से कुचल कर भेजा बाहर निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक युवक के दो छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं । घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गॉव तथा क्षेत्र में सन्नाटा सा छाया हुआ है।
बहरहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी के साथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।