रामपुर रोड़ हल्द्वानी में सड़क हादसे हल्दूचौड़ के पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत परिवार में मचा कोहराम हल्दूचौड़ ।
वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद परिवार के लिए शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हल्दूचौड़ के गंगापुर निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला को शायद यह भी नहीं पता था कि शुक्रवार की यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शमशेर सिंह रौतेला दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार ट्रक और चालक का पता लगाया जा सके।
इस हादसे ने केवल एक व्यक्ति की जान नहीं ली, बल्कि एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। शमशेर सिंह रौतेला अपने पीछे पत्नी, बेटी अंजली रौतेला और पुत्र आयुष रौतेला को छोड़ गए हैं। अंजली स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि आयुष हाईस्कूल का छात्र है। पिता के असमय निधन से दोनों बच्चों के सिर से स्नेह और सुरक्षा का साया उठ गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गंगापुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी बेहद दुखद संयोग है कि पिछले दो दिनों में सड़क हादसों में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे एक दिन पहले हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। लगातार दो पूर्व सैनिकों की सड़क हादसों में हुई मौत ने पूर्व सैनिक समुदाय और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।