एनएच पर बेतरतीब कट बना जानलेवा, कार की टक्कर से ऑटो पलटा,महिला की मौत, 8 घायल।

एनएच पर बेतरतीब कट बना जानलेवा, कार की टक्कर से ऑटो पलटा,महिला की मौत, 8 घायल।
हल्दूचौड़( नैनीताल)
राष्ट्रीय राजमार्ग हल्दूचौड़ बबर गुमटी आईओसी डिपो के सामने बने अव्यवस्थित कट एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शनिवार भोर में हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे एक ऑटो की चौराहे पर कट पार कर रही नेक्सॉन कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे में ऑटो सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी के अस्पताल भेजा गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा (लाइन नंबर-10, आजाद नगर) निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो संख्या यूके 04 टीबी-2641 से लालकुआं की ओर जा रहा था। इसी दौरान हल्दूचौड़ बबर गुमटी आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट से गुजर रही नेक्सॉन कार (संख्या यूके 04 एएन-4247) से ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।


ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख (35 वर्ष), उनके बच्चे अरहान (10 वर्ष), अर्श (8 वर्ष), उजैर (4 वर्ष) और मन्नत (4 माह), चालक शोएब का पुत्र रफीक, मुकद्दस (45 वर्ष) और मेहरू बी अंसारी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।


स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कटों को लगातार हो रहे हादसों की मुख्य वजह बताते हुए प्रशासन से इन्हें व्यवस्थित करने की मांग की है।
बेतरतीब कटों पर बढ़ता आक्रोश!


राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने इन अव्यवस्थित कटों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके, सुधार को लेकर की गई तमाम मांगें अब तक अनसुनी बनी हुई हैं। जिम्मेदार विभागों की लगातार उदासीनता से क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश पनप रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों के बाद भी न तो कोई ठोस कार्रवाई हो रही है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। इससे नाराज क्षेत्रवासियों ने जिम्मेदार महकमों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े किए हैं।

सम्बंधित खबरें