प्रधान पति पर शिक्षिका से छेड़छाड़ का आरोप -पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
नैनीताल।
मंगोली चौकी क्षेत्र अन्तर्गत एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने ग्राम प्रधान के पति पर अश्लील हरकत, गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर खुर्पाताल ग्राम सभा के प्रधान पति जीवन सिंह नेगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शिक्षिका ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि तीन दिसंबर को क्षेत्र का एक व्यक्ति जबरन स्कूल की कक्षा में घुस आया। उसने पहले कक्षा में मौजूद बच्चों को बाहर भेज दिया और उसके साथ बदसलूकी करने लगा। शिक्षिका द्वारा इस घटना की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को भी दी गई थी।
शिक्षिका के अनुसार आठ दिसंबर को आरोपी दोबारा स्कूल पहुंचा और कक्षा में घुसकर उसका हाथ मरोड़ते हुए गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान बीच-बचाव करने आए स्कूली बच्चों को भी आरोपी ने धमकाया। घटना के बाद मंगोली पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा ।
आरोप है कि 13 फरवरी को आरोपी फिर स्कूल में घुस आया और गलत नीयत से छूने के साथ ही शिक्षिका तथा बच्चों के साथ मारपीट की गई।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर खुर्पाताल निवासी जीवन सिंह नेगी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।