चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं पंजीकरण
देहरादून।
उत्तराखंड में स्थित चारधाम यात्रा के लिए शुक्रवार 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु सुबह 7 बजे से मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
चारधामों के कपाट खुलने की तिथियां भी तय कर दी गई हैं। श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे।
वहीं श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा बाद में आधिकारिक रूप से की जाएगी।
चारधाम यात्रा – 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा का ऑनलाइन पंजीकरण 06 मार्च 2026 से शुरू किया गया है। श्रद्धालु अपना पंजीकरण वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल ऐप टूरिस्ट केयर उत्तराखंड के माध्यम से कर सकते हैं ।
भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भौतिक पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
इन भौतिक काउंटरों पर पंजीकरण सेवा कपाट खुलने से दो दिन पहले 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। भौतिक पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश के यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड तथा देहरादून के विकासनगर में स्थापित किए जा रहे हैं ।