खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के दो कार्मिकों की बगैर सूचना अनुपस्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी सख्त: वेतन रोकने एवं विभागीय कार्यवाही के दिए निर्देश
भीमताल ।
खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेेहरागांव के निरीक्षण के दौरान दो विभागीय कार्मिकों के बिना सूचना अनुपस्थित मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। लापरवाह कार्मिकों का वेतन रोकने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बुधवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेहरागांव – भीमताल का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक एवं बीईओ, कार्यालय से बिना सूचना के अनुपस्थित पाये गये, साथ ही उपस्थित पंजिका में हस्ताक्षर भी नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और दोनों के वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिये।
उन्होंने अनुपस्थित बीईओ के सी चौहान ग्रोवर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही हेतु जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण 11ः30 बजे समाप्त होेने तक भी बीईओ, कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाये थे।
इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी द्वारा राजकीय माध्यमिक, प्राथमिक, उच्चतर विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 116 बच्चों में से 88 बच्चे उपस्थित पाये गये, साथ ही विद्यालय का स्टाफ शत-प्रतिशत उपस्थित पाये जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी बच्चों से रूबरू हुए और उन्होंने बच्चों की परेशानियों को भी जानने – समझने का प्रयास किया। उन्होंने बच्चों से कहा – पढाई के साथ ही खेल भी खेलना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देश दिये कि प्रयोगशाला में अधिक से अधिक बच्चों को प्रैक्टिकल करायें, साथ ही पुस्तकालय का नियमित उपयोग से बच्चों में दक्षता विकसित होती है।
इस अवसर पर जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यालय के छात्र संजू से मुख्य विकास अधिकारी ने मुलाकात के दौरान उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भविष्य में कठोर परिश्रम कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेें ।