जमरानी परियोजना की खुली नहरों को कवर करने हेतु सिंचाई सचिव को सौंपा ज्ञापन ।
हल्दूचौड़(नैनीताल) ।
जमरानी बाध निर्माण को लेकर बहुउद्देशीय परियोजना के तहत पुनर्निमित खुली नहरों को कवर किए जाने की मांग तेज हो गई है। ग्राम प्रधान संगठन के शिष्ट मण्डल ने नैनीताल सिंचाई विभाग से इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है। पूर्व प्रधान संगठन की प्रदेश सचिव व ग्राम प्रधान सीमा पाठक एवं संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने उत्तराखंड सरकार के सिंचाई सचिव को ज्ञापन सौंप कर जनहित में कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि तीन पानी से लेकर हल्दूचौड़ तक जमरानी बाध परियोजना को लेकर नहरों को पुनर्निमित किया जा रहा वही वर्तमान में मुख्य नहर और उससे जुड़ी सिंचाई नहरें खुली हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नहरों के खुले होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जो विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के लिए खतरनाक साबित हो रही हैं। संगठन का कहना है कि खुली नहरों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इससे क्षेत्र के समग्र विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नहरों को कवर किए जाने से जन सुरक्षा के साथ-साथ यातायात सुचारु होगा और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं ग्राम प्रधान संगठन ने सिंचाई सचिव से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जमरानी परियोजना की नहरों को कवर करने के कार्य की शीघ्र घोषणा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से प्रधान गोपाल अधिकारी,प्रधान सीमा पाठक,ग्राम प्रधान दीप्ति धामी,कैलाश पंत, कीर्ति पाठक समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
