ई-केवाईसी नहीं हुई है तो अटक सकता है राशन, करा लें 30 मई तक

ई-केवाईसी नहीं हुई है तो अटक सकता है राशन, करा लें 30 मई तक

देहरादून ।

राज्य सरकार ने राशन व्यवस्था को लेकर सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है। स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि प्रत्येक यूनिट धारक 30 मई तक हर हाल में अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ले, अन्यथा भविष्य में सरकारी राशन मिलने में बाधा आ सकती है।

सरकार ने प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए “मेरा ई-केवाईसी” ऐप लॉन्च किया है, जिसे नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर ने विकसित किया है। इस ऐप के जरिए अब बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय लोग घर बैठे ही आधार नंबर, मोबाइल पर आए ओटीपी और फेस रिकॉग्निशन के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक सफेद राशन कार्ड धारकों में जहां 72% ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है (9,58,624 में से 6,91,086), वहीं पीले राशन कार्ड धारकों की स्थिति चिंताजनक है। इस श्रेणी में केवल 40% लोग ही प्रक्रिया पूरी कर पाए हैं (5,03,316 में से 1,98,241)।

जिला पूर्ति अधिकारी के के अग्रवाल ने साफ कहा है कि जो लाभार्थी अब तक छूट गए हैं, वे तुरंत ऐप के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी पूरी करें। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों के लिए इसे राहत भरा कदम बताया है, जो राशन की दुकान तक नहीं पहुंच पाते।

प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं—समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराई तो राशन व्यवस्था से बाहर होना पड़ सकता है। ऐसे में लाभार्थियों को 30 मई तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा ।

सम्बंधित खबरें