आईओसी डिपो चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गुलदार की मौत ।

आईओसी डिपो चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गुलदार की मौत ।

हाईवे पर मादा गुलदार का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस व वन विभाग मौके पर

हल्दूचौड़ ( नैनीताल)

हल्द्वानी की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मंगलवार देर शाम इंडियन ऑयल डिपो चौराहे के पास हाईवे पार कर रहे गुलदार की बीच सड़क पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब आठ बजे हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने आईओसी डिपो चौराहे के समीप हाईवे पार कर रहे गुलदार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुलदार की मौके पर ही मौत हो गई। गुलदार को मृत देखकर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर तराई केंद्रीय डिवीजन के हल्द्वानी रेंज के रेंजर ललित जोशी के नेतृत्व में तराई केंद्रीय वन प्रभाग, तराई पूर्वी वन प्रभाग, एसओजी और लालकुआं कोतवाली पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

वन कर्मियों ने गुलदार के शव को सड़क से हटाकर किनारे किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग के अनुसार वाहन की टक्कर से मारी गई गुलदार मादा है और उसकी उम्र करीब दो वर्ष आंकी जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

सम्बंधित खबरें