अल्मोड़ा।
विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में इस वर्ष श्रावणी मेला 16 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गत वर्ष श्रावणी मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस बार इससे अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करें।
डीएम ने परिवहन, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, पार्किंग का प्रभावी प्रबंधन हो तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुखद अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम आस्था का एक प्रमुख केंद्र तो है ही, साथ में क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है।
श्रावणी मेले का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार एवं जागेश्वर मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योति धपवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जागेश्वर क्षेत्र के हितधारक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।