मुख्यमंत्री के पहुंचते ही हरिद्वार गुरुकुल हैलीपैड पर भाजपा नेताओं ने किया हंगामा, प्रशासन को जमकर सुनाई खरी -खोटी

मुख्यमंत्री के पहुंचते ही हरिद्वार गुरुकुल हैलीपैड पर भाजपा नेताओं ने किया हंगामा, प्रशासन को जमकर सुनाई खरी -खोटी

हरिद्वार ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार गुरुकुल हेलीपैड पर पहुंचने से ठीक पूर्व सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर भाजपा नेताओं और प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सुरक्षा घेरा पार करने से रोके जाने पर भाजपा के कुछ पदाधिकारी बहुत नाराज़ हो गए और उन्होंने जमकर प्रशासन को खरी- खोटी सुना दी ।मामला शान्त नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री के वहां पहुंचते ही उनके समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई।

इस सम्पूर्ण घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ नेता असंतोष व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं।

दरअसल मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी हरिद्वार पहुंचे थे। वह बैरागी कैंप में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने आए थे, जो केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे से संबंधित था।
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा रस्सियों के माध्यम से सुरक्षा परिधि निर्धारित कर ली गई।

इसी दौरान दर्जा धारी मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता भीतर जाने का प्रयास करने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए ओमप्रकाश जमदग्नि और सुनील सैनी को रोक दिया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सुरक्षा घेरे में प्रवेश न मिलने पर ओमप्रकाश जमदग्नि ने आपत्ति जताई और गुरुकुल मैदान में ही रुक गए। उनके समर्थन में अन्य पदाधिकारी भी वहां खड़े हो गए। जमदग्नि ने एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया। स्थिति को संभालने के लिए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने हस्तक्षेप किया और नाराज़ नेताओं से बातचीत की।

इसी बीच मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतर गया। हालांकि विवाद जारी रहा और ओमप्रकाश जमदग्नि ने एसपी सिटी से क्षमा मांगने की बात कही। बाद में अधिकारियों के समझाने पर सभी नेता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आगे बढ़े।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हेलीपैड पर स्वागत के समय उन्हें बार-बार रोका जाता है और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जाता है। भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने भी कहा कि कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को मिलने से रोका जाता है, जो उचित नहीं है।

घटना के बाद दर्जा राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच यह केवल आपसी गलतफहमी थी, जिसे वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में सुलझा लिया गया।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और इसे लेकर अलग- अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बहरहाल सुरक्षा प्रोटोकाल का पालन करना और कराना प्रशासन के लिए अत्यावश्यक होता है । ऐसे में नेताओं से भी सहयोग की उम्मीद की जानी चाहिए ।

सम्बंधित खबरें