मोटाहल्दू चौराहे पर डिवाइडर से टकराई इंटरसिटी बस, विद्युत पोल गिरा, टला बड़ा हादसा
हल्दूचौड़ ।
हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रही एक इंटरसिटी बस मोटाहल्दू चौराहे पर उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब वह गौला नदी की ओर से आ रहे एक डंपर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर के ऊपर खड़ा विद्युत पोल भरभराकर गिर पड़ा।

गनीमत रही कि बस यात्रियों से खचाखच भरी होने के बावजूद किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हालांकि हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मोटाहल्दू चौराहे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया।
वहीं हाईवे विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गिरे हुए विद्युत पोल को हटवाया और नुकसान का आंकलन किया।
हादसे के बाद बस में सवार यात्री उतरकर अन्य वाहनों के माध्यम से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जबकि करीब 11:30 बजे तक यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया गया ।