आक्रोश” जग्गी बंगर की सस्ते गल्ले की दुकान का समय तय न होने से भटक रहे ग्रामीण

आक्रोश” जग्गी बंगर की सस्ते गल्ले की दुकान का समय तय न होने से भटक रहे ग्रामीण

हल्दूचौड़ (नैनीताल)।

ग्राम पंचायत हल्दूचौड़ जग्गी बंगर में स्थित सस्ते गल्ले की दुकान का समय निर्धारित न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान कब खुलेगी और कब बंद रहेगी, इसका कोई तय समय नहीं है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार कई बार लोग सुबह से ही राशन लेने के लिए दुकान पर पहुंच जाते हैं, लेकिन दुकान बंद मिलने से उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है। इससे खासकर मजदूर और बुजुर्ग लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि दिन भर मेहनत मजदूरी करने वाले परिवारों के लिए बार-बार दुकान के चक्कर लगाना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण का कोई तय समय न होने से उपभोक्ताओं को समय पर उनका हक का राशन नहीं मिल पा रहा है। कई बार दुकान देर से खुलती है या बिना सूचना के बंद रहती है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामवासियों ने प्रशासन और पूर्ति विभाग से मांग की है कि सस्ता गल्ला दुकान का निश्चित समय निर्धारित किया जाए और उसका सूचना पट बोर्ड भी दुकान के बाहर लगाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर राशन मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण इस मामले को लेकर आंदोलन करने के लिए भी मजबूर हो सकते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीबों को सस्ते दर पर राशन उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चला रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर लापरवाही के कारण लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

वही खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठैयत का कहना है कि निर्धारित समयनुसार नहीं खोली जा रही है तो जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी ।

सम्बंधित खबरें