हाईवे पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

हाईवे पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

 हल्दूचौड़( नैनीताल) ।

लालकुआं-हल्दूचौड़ हाईवे पर बबूर गुमटी के समीप सड़क पार कर रहे 44 वर्षीय प्रेम सिंह की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात करीब पौने दस बजे हुआ। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार बबूर गुमटी निवासी प्रेम सिंह नरूला प्लाट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार रात वह किसी काम से हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर एक नंबर प्लेट भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हल्द्वानी भेज दिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रेम सिंह की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

सम्बंधित खबरें