पिथौरागढ़ में हरदा की चाय पार्टी में हरीश रावत को मयूख महर की खरी-खरी …….. जानें क्या है पूरा मामला ………. बोले-हम तो डूबे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे निकाय में विधायक की नाराजगी ।
हैलो इंडिया न्यूज 24×7
पिथौरागढ़।
चुनाव से नाराज चल रहे पिथौरागढ़ के कांग्रेस विधायक मयूख महर को मनाने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को शनिवार को खरी-खरी सुननी पड़ी। हरदा ने चाय पार्टी रखी थी, मगर मयूख की खीझ ऐसी कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने ही उन्होंने हरदा से कहा-आप पूरे निकाय चुनाव में भीष्म पितामह बनकर चुप्पी साधे रहे। साथ ही 2027 के विस चुनाव में पिथौरागढ़-चंपावत की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का एलान कर डाला। शायराना अंदाज में कहा-हम तो डूबे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे। मयूख यहीं नहीं रुके। बोले- मैंने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के रहते अब पार्टी में नहीं लौटूंगा।
————————————-
निकाय चुनाव में चुप्पी साधने पर हरदा को कहा भीष्म पितामह
————————————–
करन माहरा पर भी बरसे, बोले माहरा हटेंगे तो कांग्रेस में लौटूंगा
—————————————
पिथौरागढ़ में हरदा की चाय पार्टी में बात रखते विधायक मयूख महर
—————————————
माहरा हटेंगे तो वापसी की गुंजाइश पर विचार कर सकता हूं। निकाय चुनाव में कांग्रेस ने मेयर पद पर अंजू लुंठी को प्रत्याशी बनाया था। जबकि मयूख ने मोनिका महर के लिए प्रदेश संगठन तक पैरवी की थी। अंजू का नाम फाइनल होते ही मयूख ने मोनिका को निर्दलीय मैदान में उतारा और खुद चुनाव का मोर्चा संभाला। मोनिका दूसरे नंबर पर रहीं। हार-जीत का अंतर 50 वोटों से भी कम था। मयूख तभी से पार्टी से नाराज हैं। हरदा इन दिनों कुमाऊं भ्रमण पर हैं और उन्होंने मयूख को मनाने के लिए बाखली बारातघर में चाय पार्टी रखी थी। मयूख इस पार्टी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा पर जमकर बरसे। कहा कि लाखों लोगों के त्याग से बनी कांग्रेस को प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार के आगे समर्पित कर दिया है। आज किसी भी मुद्दे पर कांग्रेस नहीं बोल रही है। निकाय चुनाव में पिथौरागढ़ में मैंने प्रत्याशी को लेकर राय दी, पर प्रदेश संगठन ने नहीं सुनी। मजबूरन मैं मैदान में उतरा और अपनी प्रत्याशी को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
