साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ा लिए 3.57 लाख रुपए

साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ा लिए 3.57 लाख रुपए

देहरादून।

साइबर ठगों ने एक 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 3.57 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। ठगों ने बेहद शातिर तरीके से बैंक के एसएमएस अलर्ट की फर्जी आईडी बनाकर यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए खाते को खाली कर दिया।

मामला गुजरोवाली, नथुवावाला क्षेत्र का है। पीड़िता उर्मिला देवी पत्नी वीर सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दी तहरीर में बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की रायपुर शाखा में है। 24 अप्रैल को जब वह घरेलू खर्च के लिए पैसे निकालने बैंक पहुंचीं तो कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि खाते में एक भी रुपया नहीं बचा है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई ।

बेटे संतोष कुमार ने जब बैंक स्टेटमेंट निकलवाई तो खुलासा हुआ कि अज्ञात साइबर ठगों ने आरटीजीएस और यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से करीब 3 लाख 57 हजार रुपये निकाल लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता न तो यूपीआई इस्तेमाल करती हैं और न ही उन्होंने किसी तरह का ऑनलाइन भुगतान किया ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगों ने बैंक के एसएमएस अलर्ट सिस्टम से मिलती-जुलती फर्जी आईडी तैयार कर खाते तक पहुंच बनाई और फिर रकम ट्रांसफर कर दी ।

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मामले में साइबर ठगी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके ।

सम्बंधित खबरें