भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने साझा की खुशियां, क्षेत्रवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

भव्य होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने साझा की खुशियां, क्षेत्रवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

खटीमा।
सनातन धर्मशाला रामलीला मैदान, खटीमा में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर उपस्थित जन जनसमूह के साथ खुलकर खुशियां साझा की और क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

खुशी के इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं थारू होली गायन में भाग लिया और होलियारों के साथ उत्सव का भरपूर आनंद लिया ।

जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि होली बसन्त के मनमोहक रंगों का त्योहार तो है ही, साथ ही सामाजिक एकता, सद्भाव, समरसता और आपसी भाईचारे का जीवन्त प्रतीक भी है।

उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “खटीमा मेरा घर है और खटीमा वासी मेरा परिवार है। अपने परिवारजनों के बीच आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को संजोने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
मातृशक्ति को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि महिला शक्ति के बिना कोई भी कार्य पूर्ण नहीं हो सकता। प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा इसी दिशा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि खटीमा हमेशा से ही सर्वधर्म समभाव का प्रतीक रहा है और ‘मिनी इंडिया’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, जहां सभी समुदायों के लोग प्रेम, एकता और सौहार्द के साथ रहते आए हैं। आधुनिकता के इस दौर में भी यहां पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की ललक अत्यंत सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि वे खटीमा समेत अपने प्रदेश और देश की उन्नति के लिए मिलकर कार्य करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी – अपनी भूमिका निभाये ।

होली मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेलकर उत्सव की पवित्र भावना को और प्रगाढ़ किया तथा समस्त प्रदेशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडे, महासचिव रमेश चंद्र जोशी, नंदन सिंह खड़ायत, गम्भीर सिंह धामी, सतीश भट्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

सम्बंधित खबरें