बजबजाती नाली से बेहाल बेतालघाट बाजार, व्यापारियों ने दी आंदोलन और शिकायत की चेतावनी
बेतालघाट / नैनीताल।
बेतालघाट बाजार में मुख्य सड़क किनारे बनी जल निकासी नाली पूरी तरह कूड़े-कचरे, प्लास्टिक,घास-फूस और गाद आदि से पटी हुई देखी जा सकती है।
नाली में जगह -जगह गंदा पानी व कीचड़ जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों का आवा -गमन दूभर हो गया है। वहीं रुके हुए पानी में मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार की नालियों की स्थिति वर्षों से बदतर है और साफ सफाई जैसी अत्यावश्यक सुविधा उपेक्षा का शिकार बनी हुई है।
विडंबना यह है कि जल निकासी व्यवस्था के निर्माण पर लोक निर्माण विभाग लाखों रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन नियमित सफाई और रख -रखाव के अभाव में नालियां फिर से चोक हो जाती हैं।
नाली की सफाई को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं होने से समस्या और गंभीर होती जा रही है।
सफाई की बात आने पर लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आते हैं, जबकि इसका खामियाजा स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से जिला पंचायत को करों ( Tax ) का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद छोटी-छोटी समस्याओं का भी समाधान नहीं किया जा रहा है और बुनियादी सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा भंडारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार संबंधित विभागों से नाली की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी गई।
जहाँ तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सवाल है, उनमें से किसी को भी जन सरोकारों से कोई लेना – देना नहीं है। बार- बार के अनुरोध के बावजूद जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से आम जनता अत्यधिक निराश व हताश है ।
ऐसे में थक – हारकर व्यापार मंडल बेतालघाट ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो, व्यापारी मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ,आंदोलन का रास्ता अपनाने को भी विवश हो जाएंगे।
स्थानीय नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या और विकराल रूप ले सकती है, इसलिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाकर नालियों को सुचारु करना नितान्त आवश्यक है, ताकि बाजार क्षेत्र में रह रहे लोगों को गंदगी, दुर्गंध से राहत मिल सके और उन्हें संभावित बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके।