सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का चप्पे-चप्पे पर पहरा, मंगलवार 24 फरवरी को है सुनवाई प्रस्तावित
हल्द्वानी।
बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट में 24 फरवरी 2026 को प्रस्तावित सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

संभावित स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सोमवार को फ्लैग मार्च निकालकर सख्त संदेश दिया गया । यह साफ कर दिया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र में AREA DOMINATION की कार्यवाही तेज कर दी गई है। पुलिस ने अत्याधुनिक हथियारों, ड्रोन यूनिट, फायर यूनिट, टियर गैस और पीएसी बल के साथ सुरक्षा का कड़ा घेरा बना दिया है।
👉 पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान तेज, हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है।
👉 बिना आईडी के कोर एरिया में एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है ।
👉 संदिग्धों के खिलाफ प्रीवेंटिव डिटेंशन जारी है ।
👉 अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए हैं ।
पुलिस ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन, इन्द्रानगर, मुजाहिद चौक, ताज मस्जिद, गांधी नगर, चोरगलिया रोड समेत कई संवेदनशील इलाकों में सोमवार को फ्लैग मार्च निकाल कर आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने किया, जिसमें बनभूलपुरा थाना प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल, थाना पुलिस, पीएसी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
👉SSP की सख्त अपील:
एसएसपी ने जनता से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करें, शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट से दूर रहें। पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखे हुए है।
स्पष्ट संदेश: ” कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, किसी भी सूरत में अराजक तत्वों को बख़्शा नहीं जाएगा । “