‘ऑपरेशन प्रहार ‘ के तहत हरिद्वार में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, खेल में शामिल आरोपी भी दबोचा
हरिद्वार।
पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसे भारत बुलाने, शरण देने और नकली दस्तावेज बनवाने में मदद करने वाले एक भारतीय नागरिक को भी हिरासत में लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध महिला को पकड़ा गया ।
पूछताछ में महिला ने पहले अपना नाम स्वीटी बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान बांग्लादेश के कुमीला निवासी सहेला बेगम (41) के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि पति से अलगाव के बाद वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी श्यामदास (45) की सलाह पर वह भारत आ गई थी ।
पुलिस के अनुसार 90 दिन का वीजा समाप्त होने के बाद महिला दिल्ली में श्यामदास के साथ रहने लगी और बाद में दोनों हरिद्वार आ गए। यहां श्यामदास की मदद से उसने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और विवाह प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज बनवा लिए ।
पुलिस ने महिला के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के अलावा बांग्लादेश का पासपोर्ट और नागरिकता पहचान पत्र भी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने सहेला बेगम के साथ-साथ श्यामदास को भी गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।