डीएम-एसडीएम पंचायतों में प्रशासक बनाए गए ।
हैलो इंडिया 24×7
देहरादून।
प्रदेश में हरिद्वार को छोड़कर शेष 12 जिलों की पंचायतों में प्रशासक नियुक्त कर दिए गए हैं। सोमवार को सचिव पंचायतीराज चंद्रेश यादव ने इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, पंचायतों में संबंधित जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और सहायक विकास अधिकारियों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी के साथ पंचायतों में प्रशासक को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति भी साफ हो गई।
मालूम हो कि प्रदेश में पंचायतों का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो गया था। चुनाव कराने की स्थिति नहीं होने पर उस समय प्रशासक नियुक्त कर दिए गए थे। उन प्रशासकों का कार्यकाल बीती 29 मई को समाप्त हो गया था। तब से आठ जून तक पंचायतों में प्रशासकों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। सोमवार को पंचायतीराज विभाग ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर दी।